Sagar-बाउंड्री वॉल पर कहासुनी, रास्ता बंद होने से भड़के किसान, काम रुकवाया |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले के बीना के हड़कल खाती गांव में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब बीना रिफाइनरी द्वारा अपनी जमीन पर टीन शेड और लोहे के एंगल लगाकर बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य शुरू किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस निर्माण से किसानों के खेतों तक जाने का रास्ता बंद हो रहा है। नाराज किसानों ने एकजुट होकर काम रुकवा दिया। सूचना मिलते ही प्रशासन भी मौके पर पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक रिफाइनरी प्रबंधन अपनी भूमि की सुरक्षा के लिए बाउंड्री तैयार कर रहा था। लेकिन हड़कल खाती गांव के किसानों का कहना है कि जिस स्थान पर निर्माण हो रहा है, वहां से होकर वर्षों से उनके खेतों तक पहुंचने का रास्ता है। यदि बाउंड्री पूरी हो गई तो किसानों को खेतों तक जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
किसानों की सूचना पर नानक वार्ड के पार्षद बीडी रजक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि किसानों को कम से कम 25 फीट चौड़ा रास्ता दिया जाना चाहिए, ताकि वे अपने खेतों तक आसानी से पहुंच सकें।
विरोध बढ़ता देख नायब तहसीलदार हेमराज मेहर भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने रिफाइनरी प्रबंधन को भी बुलाकर दोनों पक्षों की बात सुनी। फिलहाल निर्णय लिया गया है कि आगामी आदेश तक निर्माण कार्य बंद रखा जाएगा।
किसानों का कहना है कि जब तक रास्ते की स्पष्ट व्यवस्था नहीं होती, वे निर्माण कार्य नहीं होने देंगे। वहीं प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोनों पक्षों की सहमति से समाधान निकाला जाएगा।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन और रिफाइनरी प्रबंधन किसानों की मांग पर क्या निर्णय लेते हैं, क्योंकि मामला किसानों की आजीविका और आवाजाही से जुड़ा है।