Sagar-रेलवे ट्रैक पर मिला बीटेक छात्र का शव, घर में छोड़ा पत्र और भाई को भेजे दो वीडियो
सागर जिले के खुरई में कटनी-बीना रेलवे लाइन पर एक बीटेक छात्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक घर से फोटो कॉपी कराने की बात कहकर निकला था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी लाश रेलवे ट्रैक पर मिली। चौंकाने वाली बात यह है कि जाने से पहले छात्र ने घर में एक पत्र छोड़ा और अपने भाई को दो वीडियो भी भेजे थे।
जानकारी के अनुसार, कटनी-बीना तीसरी रेल लाइन पर लुहर्रा गांव के पास एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही खुरई ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान 25 वर्षीय ऋषभ प्रजापति, निवासी गौर नगर मकरोनिया, सागर के रूप में हुई।
पुलिस को युवक के पास से सागर से शुजालपुर का रेलवे टिकट भी मिला है। परिजनों के अनुसार, ऋषभ घर से फोटो कॉपी कराने की बात कहकर निकला था। घर की तलाशी के दौरान एक पत्र मिला, जिसमें उसने लिखा था कि वह घर छोड़कर हमेशा के लिए जा रहा है, उसे न ढूंढा जाए और इसके लिए केवल वही जिम्मेदार है। उसने परिवार से अपना ख्याल रखने की बात भी लिखी।
इतना ही नहीं, ऋषभ ने अपने भाई को दो अलग-अलग वीडियो भी भेजे थे। पहले वीडियो में उसने कहा कि वह घर छोड़कर जा रहा है और इसके लिए सिर्फ वही जिम्मेदार है। दूसरे वीडियो में उसने इशारा किया कि उसे खुरई के आगे रेलवे लाइन पर तलाश किया जाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मोबाइल और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
रमेश कुमार जांच अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। इस घटना से परिजनों में शोक और क्षेत्र में गहरा दुख का माहौल है।