कलेक्टर-आईजी ने अस्पताल पहुंचकर लिया हाल, एक महिला की मौत, सात घायल, कलश वितरण में
आस्था के बड़े आयोजन के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे प्रशासन को सकते में डाल दिया। एमपी के ग्वालियर जिले के डबरा में नवनिर्मित नवग्रह शक्तिपीठ की कलश यात्रा से पहले कलश वितरण के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें एक महिला की जान चली गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब हजारों महिलाएं कलश लेने के लिए आयोजन स्थल पर उमड़ी हुई थीं। जानकारी के अनुसार, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा स्वयं कलश वितरण कर रहे थे। गेट के बाहर बड़ी संख्या में महिलाएं कतार में खड़ी थीं और एक-एक कर अंदर प्रवेश कर रही थीं। इसी दौरान किसी कारणवश धक्का-मुक्की शुरू हुई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। कुछ महिलाएं जमीन पर गिर पड़ीं, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई।
हादसे के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चार घायलों का इलाज डबरा सिविल अस्पताल में जारी है, जबकि एक बच्ची और एक महिला को ग्वालियर स्थित एप्पल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं एक गंभीर रूप से घायल महिला को जे.ए.एच. अस्पताल में उपचार के लिए एडमिट किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान तत्काल ग्वालियर के एप्पल हॉस्पिटल और जे.ए.एच. अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं आईजी अरविंद सक्सेना, एडिशनल एसपी सुमन गुर्जर, एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल और सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव भी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन ने बताया कि हादसे के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया और इसके बाद कलश यात्रा अपने तय मार्ग से होते हुए नवग्रह शक्तिपीठ तक पहुंची। हालांकि इस दुखद घटना ने आयोजन की व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में बेहतर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जाए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है।