Sagar - शादीशुदा प्रेमिका को हासिल करने रची खौफनाक साजिश, मर्डर कर स्कूल ग्राउंड में दफना दिया, ऐसे खुला राज
सागर में एक युवक ने शादीशुदा प्रेमिका को हमेशा के लिए हासिल करने ऐसी खौफनाक साजिश रची की जिसे सुनकर पुलिस भी सन्न रह गई, अवैध संबंधों में बना रहे महिला के पति को षड्यंत्र के तहत मारा और फिर दृश्यम फिल्म की तर्ज पर स्कूल ग्राउंड के गड्ढे में दफना दिया, लेकिन उसका यह राज ज्यादा दिन तक राज नहीं रह सका, जब पुलिस ने एक लापता युवक को ढूंढने कड़ी से कड़ी मिलाकर जांच शुरू की तो इसमें दोस्ती धोखा शादी लव ट्रायंगल विश्वास घात और बेरहमी से मर्डर का खुलासा हुआ
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय मृतक प्रिंस वाल्मीकि पिता राजेश वाल्मीकि, निवासी लक्ष्मी नगर बहेरिया, जिला सागर, दिनांक 20 अगस्त 2025 से देवरी क्षेत्र से लापता था। लापता होने के बाद से ही देवरी पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों की तलाश करने गंभीरता से विवेचना की जा रही थी। इस दौरान तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन, सामाजिक एवं पारिवारिक जानकारी, सतत पूछताछ तथा गोपनीय सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
विवेचना के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि मृतक की पत्नी के सोहेल खान, निवासी गांधी वार्ड देवरी, के साथ अवैध संबंध थे। इन्हीं संबंधों के चलते पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद की स्थिति बनी रहती थी। जांच में यह भी उजागर हुआ कि आरोपी प्रेमी ने साजिश रचकर मृतक को पहले दिनभर शराब पिलाई, इसके बाद सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। मर्डर के बाद आरोपी ने साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को देवरी क्षेत्र स्थित एक स्कूल ग्राउंड में दफना दिया। बॉडी की पहचान छुपाने के लिए उस पर नमक डालकर मिट्टी से ढक दिया गया। हालांकि, देवरी पुलिस की सूक्ष्म विवेचना, सतत निगरानी और पेशेवर कार्यशैली के चलते आरोपी की साजिश अधिक समय तक छुप नहीं सकी।
संदिग्ध से सख्ती एवं विधिसम्मत पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर स्कूल ग्राउंड से डेडबॉडी बरामद किया गया। पुलिस द्वारा पंचनामा तैयार कर बॉडी का पोस्टमार्टम कराया गया। आरोपी सोहेब खान पिता नवाज खान, निवासी गांधी वार्ड देवरी, जिला सागर को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। आरोपी का पीआर प्राप्त कर आगे की पूछताछ जारी है।