सागर- निगमायुक्त ने राधा तिराहे पर केसी सफाई व्यवस्था, व्यापारियों ने ली मेरा चौराहा मेरी शान की शपथ
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सागर को शीर्ष रैंक दिलाने के लक्ष्य के साथ नगर निगम पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में उतर चुका है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने शहर के व्यस्ततम क्षेत्र राधा तिराहा का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। यह निरीक्षण केवल औपचारिक नहीं, बल्कि स्वच्छता अभियान को जनांदोलन बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित हुआ।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने पूरे चौराहे का भ्रमण किया, कचरा प्वाइंट, नालियां, फुटपाथ और दुकानों के आसपास की सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद सफाई कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यहां सफाई व्यवस्था को मॉडल के रूप में विकसित किया जाए।
इस दौरान निगमायुक्त ने राधा तिराहे के दुकानदारों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि “मेरा चौराहा मेरी शान” सिर्फ एक स्लोगन नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकल्प है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के सामने कचरा न फैलने दें, डस्टबिन का उपयोग करें और ग्राहकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छ शहर सिर्फ प्रशासन नहीं बनाता, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से बनता है। कार्यक्रम के दौरान राधा तिराहे के सभी दुकानदारों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली।
उन्होंने संकल्प लिया कि वे अपने चौराहे को साफ-सुथरा रखेंगे, गंदगी फैलाने वालों को रोकेंगे और नगर निगम के स्वच्छता अभियान में पूरा सहयोग देंगे। कई दुकानदारों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की पहचान और व्यापार दोनों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। निगमायुक्त श्री खत्री ने कहा कि यदि हर नागरिक और व्यापारी अपने आसपास की सफाई का ध्यान रखे, तो सागर न केवल स्वच्छ बनेगा, बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण में भी अव्वल स्थान हासिल करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जनभागीदारी से सागर स्वच्छता में मिसाल बनेगा।