Sagar - हजारों युवाओं ने दिखाया दम, 100 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट, बुंदेलखंड बुल्स ट्रायल्स का तूफानी दूसरा चरण
सागर में बुंदेलखंड की खेल प्रतिभा एक बार फिर पूरे उफान पर दिखी, जब बुंदेलखंड बुल्स के आधिकारिक ट्रायल्स का दूसरा चरण ऐतिहासिक जोश, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ। पूरे मैदान में क्रिकेट के प्रति जुनून, मेहनत और संघर्ष की गूंज सुनाई दे रही थी। लड़के और लड़कियों दोनों श्रेणियों में हजारों खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी काबिलियत साबित की।
सुबह से शाम तक मैदान पर उमड़ी भीड़ इस आयोजन की भव्यता और युवाओं के उत्साह की गवाह बनी।ट्रायल्स के बाद दोनों कैटेगरी से 50–50 यानी कुल 100 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए अनुभवी चयन समिति लगातार हर खिलाड़ी के प्रदर्शन पर पैनी नजर बनाए रही। भारत की पूर्व महिला क्रिकेटर संध्या अग्रवाल सहित अनुभवी कोचों और एक्सपर्ट्स ने प्रतिभाओं को बारीकी से परखा।
युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष और यूथ आइकॉन आकाश सिंह राजपूत करीब 5–6 घंटे तक मैदान में मौजूद रहे। उन्होंने न सिर्फ ट्रायल्स की निगरानी की, बल्कि खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़ाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “चयन हो या न हो, यह अंत नहीं है। असली जीत आपकी मेहनत और अनुशासन है। बुंदेलखंड की मिट्टी में अपार प्रतिभा है, बस सही मंच की जरूरत है।”टीम मालिक मोक्ष रोहित बादवा भी चयन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से जुड़े रहे। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले ट्रायल्स में इंदौर, भोपाल, रीवा, शहडोल सहित कई जिलों से खिलाड़ी पहुंचे। यह प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम युवाओं के लिए बड़ा अवसर साबित हुआ।
आकाश सिंह राजपूत ने खिलाड़ियों को बुंदेलखंड बुल्स की टी-शर्ट्स प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में सुशांत सिंह, शाहरुख खान, विक्रम राजपूत, रॉकी, जॉन्टी और सागर क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व सचिव फारूक भाई सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने ट्रायल्स को शानदार, व्यवस्थित और निष्पक्ष बताया। विशेष बात यह रही कि युवराज आर्यमान सिंधिया की पहल से 15 वर्ष की लड़कियों और 18 वर्ष के लड़कों—जिन्होंने अब तक किसी भी डिवीजन स्तर पर क्रिकेट नहीं खेला—उन्हें बड़ा मंच मिला। गौरतलब है कि आकाश सिंह राजपूत का क्रिकेट महाकुंभ पहले ही वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुका है और अब यह सुरखी विधानसभा में लगातार नई प्रतिभाओं को निखारते हुए बुंदेलखंड को राष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर मजबूत पहचान दिला रहा है।