MP पुलिस भर्ती का बड़ा पड़ाव, 23 फरवरी से फिजिकल टेस्ट शुरू, 10 जिलों में फिटनेस की अग्निपरीक्षा
मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों के लिए निर्णायक चरण शुरू होने जा रहा है। 7,500 पदों पर हो रही इस भर्ती में लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों की अब शारीरिक दक्षता परीक्षा (PPT) होगी। यह फिजिकल टेस्ट 23 फरवरी 2026 से 13 मार्च 2026 तक चलेगा और रोजाना सुबह 6 बजे से शुरू होगा। प्रदेश के 10 प्रमुख जिलों में एक साथ यह प्रक्रिया संचालित की जाएगी। परीक्षा के लिए चयनित केंद्रों में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, बालाघाट, रतलाम और मुरैना शामिल हैं। इन सभी जिलों में निर्धारित ग्राउंड पर 800 मीटर दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक और दस्तावेज़ सत्यापन होगा।
भोपाल में लाल परेड ग्राउंड, इंदौर में MTD परिसर, जबलपुर में 6वीं वाहिनी विसबल रांझी, ग्वालियर में 14वीं वाहिनी विसबल कम्पू, उज्जैन में महानंदा एरीना, सागर में शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, रीवा में 9वीं वाहिनी विसबल, बालाघाट में 36वीं वाहिनी विसबल ग्राउंड, रतलाम में भगत सिंह कॉलेज जावरा और मुरैना में 5वीं वाहिनी विसबल में यह परीक्षा होगी। म.प्र. कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आरक्षक (जीडी) की ऑनलाइन परीक्षा 30 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2025 तक आयोजित की गई थी।
परिणाम 25 जनवरी 2026 को जारी हुआ। अब सफल अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट के लिए ई-प्रवेश पत्र ESB की वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा और उसी तिथि व केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि व स्थान में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
फिजिकल के दौरान आधार e-KYC सत्यापन होगा, इसलिए आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। अभ्यर्थी यह सुनिश्चित करें कि उनका आधार लॉक न हो। साथ ही सभी मूल प्रमाण-पत्र और उनकी स्वयं प्रमाणित प्रतियां साथ लानी होंगी। हजारों युवाओं के लिए यह सिर्फ परीक्षा नहीं, बल्कि खाकी पहनने की आखिरी बड़ी चुनौती है। दौड़, ताकत और अनुशासन—तीनों में खरा उतरने वालों को ही पुलिस बल में जगह मिलेगी। अब निगाहें 23 फरवरी पर टिकी हैं, जब मैदान में असली मुकाबला शुरू होगा।