सागर- ऐसा सम्मान की परेशान हो गए बच्चे और उनके परिजन,जनप्रतिनिधियों को न बुलाने के भी आरोप
सागर जिले के बीना में रिफायनरी द्वारा आयोजित किया गया मेधावी सम्मान समारोह अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गया। एक तरफ स्थानीय जनप्रतिनिधियों को न बुलाये जाने को लेकर नाराज़गी देखने को मिली। आमंत्रण न मिलने से क्षेत्रीय विधायक समेत जनपद और नगर पालिका अध्यक्ष, भाजपा के वरिष्ठ नेता नहीं पहुंचे। तो वहीं दूसरी तरफ बच्चे और उनके परिजन परेशान होते नज़र आये। दरअसल बीना रिफाइनरी द्वारा खुरई रोड पर स्थित एक निजी गार्डन में मेधावी सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। सम्मान के लिए आए छात्र-छात्राएं और उनके परिजन कई घंटे भूखे-प्यासे कार्यक्रम शुरू होने का इंतजार करते रहे। काफी मान-मनौव्वल के बाद सांसद लता वानखेड़े के पहुंचने पर ही कार्यक्रम किसी तरह संपन्न हो सका। रिफाइनरी प्रबंधन को 8 महीने बाद होश आया कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करना है।
इस दौरान छात्र-छात्राओं और परिजनों में भारी रोष देखने को मिला। अभिभावकों ने रिफाइनरी प्रबंधन की लापरवाही और असंवेदनशील रवैये पर सवाल खड़े किए। बताया गया की वह गांव से सुबह 8 बजे निकले थे और शहर से दूर कार्यक्रम था। यहां बच्चों को सुबह 10 बजे बुलाया था। कार्यक्रम के दो घंटे बाद बच्चों को खाने के लिए केवल चिप्स, नमकीन, समेत अन्य सामग्री ही दी गयी। जो पर्याप्त नहीं था। छात्रों ने बताया कि वार्षिक परीक्षा के ऐन वक्त पर सम्मान रखा गया। जिसमें कई विद्यार्थी ऐसे थे, जिनके परिजन कार्यक्रम में आए थे, विद्यार्थी कॉलेज में पहुंच चुके हैं और उनकी परीक्षा चल रही है। परीक्षा नजदीक है और ऐसे में कार्यक्रम करना कितना अच्छा होगा। यह आप समझ सकते हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा रिफाइनरी प्रबंधन द्वारा पहली बार नहीं की गई है। पहले भी कई अवसरों पर ऐसी कार्यप्रणाली सामने आई है। जिसमें सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच रिफाइनरी प्रबंधन के कार्यक्रमों को लेकर मनमुटाव की स्थिति बनती रही है। इस संबंध में जब बीना विधायक निर्मला सप्रे से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि रिफाइनरी ने कोई आमंत्रण नहीं दिया। वहीं नपाध्यक्ष लता सकवार ने भी यही कहा की उन्हें कोई सूचना नहीं दी गयी। जनपद पंचायत अध्यक्ष उषा राय ने बताया कि उन्हें शुक्रवार की रात 9:30 बजे आमंत्रण भेजा गया था।--------हालांकि रिफायनरी प्रबंधन ने इन सब बातों से अपना पल्ला झाड़ लिया।--------