सागर- आवारा कुत्तों ने 4 साल के बच्चे का मुंह नोच लिया, पूरे इलाके में कुत्तों का गज़ब आ-तंक
फिर एक बार सागर जिले के खुरई क्षेत्र में आवारा कुत्तों का जबरदस्त आतंक देखने को मिल रहा है। शहरी इलाके के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में कुत्तों की दहशत है। कुत्तों के काटने के रोजाना मामले सामने आ रहे हैं। जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। जहां पुराने जरवांस गांव और वर्तमान में रानी अवंतीबाई वार्ड में एक आवारा कुत्ते ने एक बच्चे के चेहरे पर हमला कर दिया। वहीं एक अन्य बच्चे समेत बकरियों को भी अपना निशाना बनाया। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद भी प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
बताया गया की आवारा कुत्तों के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों में भय का माहौल है। शहर और गांवों में शायद ही कोई ऐसी सड़क और गली होगी, जहां कुत्तों ने अपना बसेरा न बनाकर रखा हो। राहगीरों में इन आवरा कुत्तों की दहशत साफ़ देखी जा सकती है। जहां राहतगढ़ रोड स्थित पुराने जरवांस गांव और वर्तमान में रानी अवंतीबाई वार्ड में एक आवारा कुत्ते ने कई लोगों को अपना निशाना बनाया है। चार साल के सलमान खान निवासी छतरपुर पर कुत्ते ने हमला कर दिया जिसके कारण चेहरे पर गंभीर घाव बन गया। लोगों ने बच्चे को बचा लिया नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी। बच्चे के पिता सलीम खान ने बताया कि वह मजदूरी करने के लिए छतरपुर से आए हुए हैं। बच्चा वहीं खेल रहा था कि कुत्ते ने हमला कर दिया। इसके अलावा सोनू अहिरवार के ढाई साल के बेटे सिद्धार्थ अहिरवार के हाथ के पंजे पर हमला कर दिया। वहीं हाकम चढ़ार की बकरियों को भी काटा है। एक पागल कुत्ते ने राहगीर सुनील ठाकुर निवासी बंदरावठा को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि वह रास्ते से निकल रहे थे कि एक पागल कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। सभी लोगों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद सलमान खान और सुनील ठाकुर को गंभीर हालत में सागर रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक साल 2026 में अब तक 387 लोग आवरा कुत्तों का शिकार बन चुके हैं। जहां जनवरी में 334 तो फरवरी में 53 लोग आवरा कुत्तों का शिकार हो चुके हैं। यह वह आंकड़े हैं जो सिविल अस्पताल में इलाज कराने के लिए आए हैं। इसके अलावा निजी अस्पतालों में इलाज कराने के लिए अलग से लोग पहुंचे होंगे जिनका आंकड़ा साफ नहीं है।