दुल्हन हेलीकॉप्टर से ससुराल रवाना,जिले में पहली बार बना इतिहास,हाथों में लड्डू गोपाल आसमान में विदाई
शहनाइयों की गूंज, फूलों की खुशबू और आसमान में उड़ता हेलीकॉप्टर… एमपी के सागर संभाग के पन्ना जिले में एक ऐसी ऐतिहासिक और भव्य विदाई देखने को मिली, जिसने पूरे बुंदेलखंड में चर्चा का माहौल बना दिया। जिले में पहली बार किसी दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से हुई, जब नवविवाहित दुल्हन रोहिणी हाथों में भगवान लड्डू गोपाल (श्रीकृष्ण) को लेकर आसमान के रास्ते ससुराल के लिए रवाना हुईं। माघ पूर्णिमा के बाद विवाह मुहूर्त शुरू होते ही शादियों का सीजन तेज हो गया है। ऐसे में पन्ना में हुई यह अनोखी विदाई पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बन गई। कांग्रेस नेता भरत मिलन पाण्डेय के बेटे नितिन पाण्डेय की शादी के बाद नवदंपत्ति हेलीकॉप्टर में सवार होकर अपने पुश्तैनी गांव पिस्टा, अजयगढ़ के लिए रवाना हुए। जैसे ही हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी, मौजूद लोग उत्साह से तालियां बजाते नजर आए।
विदाई के दौरान दुल्हन रोहिणी के हाथों में लड्डू गोपाल थे, जिसे लोग आस्था और शुभता का प्रतीक मान रहे हैं। यह दृश्य न सिर्फ भव्य बल्कि भावुक भी था, जिसने मौजूद हर व्यक्ति का ध्यान खींचा। दूल्हा-दुल्हन की खुशी दूल्हे नितिन पाण्डेय ने कहा कि “मैं बहुत खुश हूं कि मेरी विदाई हेलीकॉप्टर से हुई। यह पल जिंदगी भर याद रहेगा। यह फैसला परिवार ने मिलकर लिया था।
दुल्हन रोहिणी ने कहा कि “यह मेरे लिए सरप्राइज गिफ्ट जैसा था। पहली बार हेलीकॉप्टर में बैठना बेहद रोमांचक अनुभव रहा।” दूल्हे के पिता और कांग्रेस नेता भरत मिलन पाण्डेय ने कहा कि क्षेत्र की जनता की इच्छा थी कि बहू हेलीकॉप्टर से आए और जाए, इसलिए उन्होंने यह व्यवस्था की। उन्होंने इसके लिए क्षेत्रवासियों का आभार भी जताया और इस भव्य विदाई के लिए सभी को धन्यवाद दिया। विशेषज्ञों का मानना है कि बुंदेलखंड में हेलीकॉप्टर से विदाई का चलन धीरे-धीरे बढ़ रहा है, हालांकि यह काफी खर्चीला होता है। बावजूद इसके, लोग अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए ऐसे आयोजन कर रहे हैं। पन्ना की यह हेलीकॉप्टर विदाई सिर्फ एक शादी नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक पल बन गई है, जिसकी गूंज लंबे समय तक सुनाई देगी।