Sagar - ई-चालान नहीं भरा तो रद्द होगा गाड़ी का रजिस्ट्रेशन, नोटिस जारी,
सागर में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों पर अब प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर द्वारा काटे गए ई-चालानों को हल्के में लेना अब भारी पड़ सकता है। जिला प्रशासन के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज कुमार तेहनगुरिया ने ऐसे 100 डिफॉल्टर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं, जिनके नाम पर सबसे ज्यादा चालान लंबित हैं। कारण बताओ नोटिस में वाहन स्वामियों को स्पष्ट रूप से यह चेतावनी दी गई है कि यदि उन्होंने 7 दिन के अंदर बकाया चालान राशि जमा नहीं की तो उनके वाहन का पंजीयन निरस्त कर दिया जाएगा।
दरअसल, बीते दिनों अधिकारियों ने आई ट्रिपल सी का निरीक्षण किया था, इस दौरान पाया कि कई वाहन चालकों द्वारा लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। इसमें ऐसे वाहन चालक हैं
जिनके रेड लाइट जम्प, बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाकर दोपहिया चालान आदि पाए जाने पर ई-चालान काटे गए, लेकिन कई चालान कटने के बाद भी जुर्माने की राशि जमा नहीं की जा रही है। जिसके कारण यह चालान लंबित प्रदर्शित हो रहे हैं। यह स्थिति देख अब राशि की वसूली के लिए यातायात पुलिस के साथ आरटीओ को भी शामिल कर लिया है।
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार स्मार्ट सिटी ने शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे कैमरों की मदद से साल 2025 में कुल 2 लाख 21 हजार 798 वाहनों के ई-चालान काटे हैं, जिसकी जुर्माना राशि 6 करोड़ 99 लाख 18400 रुपए है। इन चालानों में से केवल 41007 वाहन स्वामियों ने चालान की राशि जमा की है, जो 1 करोड़ 74 लाख 66310 रुपए है। इस हिसाब से कुल राशि का करीब 25 प्रतिशत ही जमा हुआ है।