सागर- पत्रकारों और उनके परिवारों का निःशुल्क चेकअप करेंगे डॉ., IMA अध्यक्ष की पहल
सागर के मशहूर डॉक्टर और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद नए-नए नवाचार कर रहे हैं। हाल ही में मकरोनिया के युवा और जुझारू पत्रकार जीतेन्द्र श्रीवास की ह्रदय घात से अचानक जान चली गयी। रात में अटैक आने के बाद उन्हें मकरोनिया के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं अब डॉ. तल्हा साद ने पहल करते हुए सागर में पत्रकारों और उनके परिवारों को मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर के माध्यम से निःशुल्क चेकअप किया जायेगा।
शिविर 8 फरवरी दिन रविवार को बस स्टैंड के पास स्थित गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में लगेगा। जिसे सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जायेगा। जिसमें सामान्य चिकित्सा जांच के साथ-साथ बीपी, शुगर, ब्लड ग्रुप, और अन्य जरुरी स्वास्थ्य संबंधी बेसिक जांचें निःशुल्क उपलब्ध होंगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी जो जरुरी इलाज भी प्रदान करेगी।
आईएमए द्वारा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में काम करने वाले पत्रकारों और उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए एक व्यापक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर मुख्य रूप से पत्रकारों की व्यस्त और अनियमित दिनचर्या को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। ताकि वह और उनके परिवारजन समय निकालकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवा सकें साथ ही किसी भी संभावित बीमारी को शुरुआती अवस्था में ही पहचान सकें।
IMA के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने अपील करते हुए कहा की पत्रकार शिविर में आने के समय अपना और अपने परिवार के सदस्यों का आधार कार्ड, साथ ही आधार से लिंक मोबाइल नंबर जरूर लाएं। इससे रजिस्ट्रेशन और जांच प्रक्रिया सुगम और तुरंत होगी।
डॉ. तल्हा साद ने कहा की जांच के माध्यम से किसी को भी अगर कोई परेशानी है तो उस बीमारी का पता लगाया जा सके और उसका इलाज किया जा सके।