Sagar - मंदिर में घुसकर मूर्तियां तोड़ने वाले के घर बुलडोजर चलाने की मांग, ग्रामीणों का चक्काजाम
सागर जिले के खिमलासा थाना अंतर्गत आने वाले भरछा गांव में एक आरोपी ने शांति व्यवस्था भंग करते हुए शिव मंदिर में विराजमान मूर्तियां खंडित कर दी। घटना के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों ने भरछा-पीरघाट मार्ग पर विरोध प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। ग्रामीण आरोपी का गांव में जुलूस निकालने के साथ उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे।
पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन खत्म कर दिया। भरछा निवासी प्रभाल सिंह लोधी ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है उनके खेत में शिव मंदिर है। गांव के सभी लोग इसी मंदिर में पूजा करने जाते हैं। मंदिर में शिव परिवार के साथ बाहर कुल देवता का चबूतरा भी है। बुधवार रात गांव का शिवराज लोधी मंदिर में घुसा और पत्थर से मूर्तियों को खंडित कर दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने मंदिर के अंदर आग लगा दी, जिससे धार्मिक ग्रंथ और पूजन सामग्री जल गई।
इसकी सूचना मिलते ही सुबह ग्रामीण मंदिर पर एकत्रित हो गए और खिमलासा पुलिस को घटना की सूचना दी। मामला मूर्तियां खंडित करने और मामला मंदिर में आग लगाने का होने के कारण टीआई राधेश्याम पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर प्रभाल लोधी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर लिया लेकिन दोपहर बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गांव के बाहर मुख्य सड़क पर विरोध प्रदर्शन करने लगे।