Sagar - मकरोनिया, सिविल लाइन चौराहों के ट्रैफिक सिग्नल 7 दिन से बंद, बहाना- बारिश से आई तकनीकी खराबी
सागर में 27 जनवरी को हुई तेज आंधी और ओलावृष्टि होने से शहर में सिविल लाइन और मकरोनिया चौराहा के ट्रैफिक सिग्नल्स में तकनीकी खराबी आ गई। इस कारण इन दोनों चौराहों के सिग्नल्स बंद हो गए हैं। मकरोनिया और सिविल लाइन दोनों चौराहे शहर व्यस्ततम चौराहे हैं यहां सिग्नल बंद होने से इन चौराहों पर हर रोज जाम की स्थिति बन रही है। शाम होते ही मकरोनिया चौराहे पर वाहनों की कई मीटर लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे वाहन चालकों को निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
इंजीनियर बोले- डिवाइस खराब हो गई है स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत संचालित इन सिग्नल्स को लेकर सूबेदार हेमंत पटेल ने बताया कि खराबी के पहले दिन ही संबंधित विभाग को सूचित कर दिया गया था। जांच के बाद इंजीनियरों ने पाया कि सिग्नल को कंट्रोल करने वाली मुख्य डिवाइस खराब हो गई है, जिसे सुधार कार्य के लिए भोपाल भेजा गया है।
सूबेदार पटेल के अनुसार, वे स्वयं एक आरक्षक और हमराह के साथ लगातार ट्रैफिक सुचारु कराने में जुटे रहते हैं, लेकिन चारों तरफ से एक साथ वाहनों के आने से स्थिति अनियंत्रित हो जाती है। जब तक सिग्नल ठीक नहीं होते तब तक पीक ऑवर्स में जाम से राहत मिलना मुश्किल है। लोगों को ट्रैफिक जाम से हर रोज जूझना पड़ेगा। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी हमेशा बनी रहेगी। यातायात सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस बल बढ़ाने की जरूरत है।