गड़ा धन के नाम पर महाठगी का भंडाफोड़, तं त्र-मं त्र से डराकर लाखों लूटने वाले 3 शातिर गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के पन्ना जिले में पुलिस ने अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के सहारे लोगों को ठगने वाले एक खतरनाक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। देवेंद्रनगर थाना पुलिस ने ‘गड़ा धन’ निकालने का झांसा देकर 6 लाख 81 हजार रुपये की ठगी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 18 लाख 75 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है, जिसमें नकदी, कार और मोबाइल शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि फरियादी आनंद सिंह घोषी, निवासी ग्राम सकारिया को आरोपियों ने झारखंडन माता मंदिर क्षेत्र में जमीन के नीचे गड़ा हुआ सोना होने का लालच दिया। ठगों ने तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ का डर दिखाकर उन्हें मानसिक रूप से भयभीत किया और कहा कि यदि विधि-विधान से अनुष्ठान नहीं हुआ तो परिवार पर अनहोनी हो सकती है।
आरोपी फरियादी को पहले मैहर और फिर अजमेर (राजस्थान) ले गए, जहां अलग-अलग चरणों में पूजा, हवन और ‘गुप्त दान’ के नाम पर मोटी रकम ऐंठते रहे। इसके बाद पन्ना के झारखंडन रोड पर धन निकालने का नाटक किया और मौका मिलते ही फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सक्रिय मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को देवेंद्रनगर के पास से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नसीम खान (60) निवासी इमाम चौक मैहर, गफ्फार खान (46) निवासी बेरमा, मैहर और राहुल कुशवाहा (26) निवासी जीतनगर बरही, मैहर शामिल हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से 5 लाख 50 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त कार (करीब 13 लाख रुपये) और 4 मोबाइल (करीब 25 हजार रुपये) बरामद किए हैं। कुल बरामदगी करीब 18 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। एसपी निवेदिता नायडू ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि गड़ा धन, तंत्र-मंत्र और चमत्कार जैसे झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे गिरोहों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। पन्ना पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय ठग गिरोहों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।