Sagar - गोपाल भार्गव ने 10 लाख की दुकानें साढ़े 4 लाख में दिलवा दी,बोले यहां के लोग सभी हमारे
सागर जिले के गढ़ाकोटा में जो दुकानें 10 लाख रूपये में दुकानदारों को दी जानी थी, वही दुकानें अब उन्हें पांच लाख से कम यानी साढ़े चार लाख रूपये में दी जाएंगी। पूर्व मंत्री और वर्तमान रहली विधायक गोपाल भार्गव ने लोगों की परेशानियों को समझते हुए ये निर्णय लिया है उनकी ही पहल पर लोगों को यह राहत मिली है। वहीं इसके अलावा गढ़ाकोटा के लोगों को अब बरमान जाने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी, उन्हें अब यहीं पर नर्मदा का जल मिल सकेगा। जिससे वह आसानी से स्नान कर पाएंगे। यह बात पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने एक कार्यक्रम के दौरान कही।
दरअसल गढ़ाकोटा के रूई बाजार में पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक गोपाल भार्गव ने लोकार्पण करते हुए लोगों को न्यू मार्केट की सौगात दी है। जिसमें 46 दुकानें नीचे तल तो इतनी ही दूसरी मंजिल पर बनाई गयी हैं। सर्व सुविधा युक्त निर्मित की गई है। इस न्यू मार्केट में पत्रकारों की सुविधा के लिए उनकी मांग पर एक दुकान मय फर्नीचर के देने की घोषणा की। जिससे पत्रकारों में ख़ुशी है।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी ने कहा की इस मार्केट में निर्मित दुकानों की सरकारी कीमत दस लाख रुपए आंकी गयी थी। लेकिन साधारण और गरीब लोगों के लिए यह संभव नहीं था। जब यह बात पूर्व मंत्री को बताई तो उन्होंने कहा की छोटे-छोटे दुकानदार यह दुकाने कैसे खरीदेंगे,लोगों के हितों को ध्यान में रखत हुए उन्होंने साढ़े चार लाख रूपये में दुकानें देने की बात कही।
इस दौरान गोपाल भार्गव ने कहा की यहां के सभी लोग हमारे है। इस न्यू मार्केट की दुकान कि वास्तविक सरकारी कीमत दस लाख रुपए है। छोटे दुकानदार पांच लाख रुपए तक में दुकानें लेने तैयार थे। उनकी परेशानियों को देखते हुए यह राशि और भी कम कर दी। पूरी राशि जमा करने के तत्काल बाद चाबी उन्हें मिल जाएगी। बस स्टैंड पर कुछ दुकानदारों ने किस्तों पर दुकानें ली है। जब नगर पालिका के कर्मचारी उनके पास बाकी के रूपये लेने जाते हैं तो विवाद की स्थिति बनती है। जिससे पूरी राशि जमा करने का आग्रह किया।
गोपाल भार्गव ने लोगों को बताया की नगर पालिका की 2 करोड़ रूपये आमदनी है लेकिन खर्च 5 करोड़ रूपये है। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत पूरे नगर में नई पाइप लाइन बिछाई जा रही है नगर वासियों को अब मिनरल जैसा पानी घर-घर पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा कहा की सुनार नर्मदा लिंक परियोजना का भी सर्वे हो गया है। नर्मदा को सुनार में मिलाएंगे, लोगों को अब बरमान नहीं जाना पड़ेगा। कार्यक्रम में कई लोगों की मौजूदगी रही।