Sagar-यूनिवर्सिटी में UGC नियमों के खिलाफ प्रदर्शन, छात्रों ने प्रशासनिक भवन पर की नारेबाजी
सागर में यूजीसी के नए नियमों के विरोध में सोमवार को डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने पैदल मार्च निकालते हुए प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट तक पहुंचकर नारेबाजी की और यूजीसी एक्ट को रद्द करने की मांग उठाई। इस दौरान छात्रों ने कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना था कि यूजीसी के नए नियमों से विश्वविद्यालय के छात्र बंटने की स्थिति बन रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। छात्रों ने एक स्वर में कहा कि वे संकल्प लेते हैं कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को आपस में बंटने नहीं देंगे। छात्रों ने यह भी कहा कि यूजीसी एक्ट पर फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई है, इसके बावजूद केंद्र सरकार को इस एक्ट को पूरी तरह से वापस लेना चाहिए। विद्यार्थियों का आरोप है कि यह नियम छात्रों के हित में नहीं है और इससे शैक्षणिक माहौल प्रभावित होगा। प्रदर्शन में शामिल छात्रा महिमा प्यासी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद भी इस एक्ट को लेकर असमंजस बना हुआ है। इसे स्थायी रूप से वापस लिया जाना चाहिए, ताकि विश्वविद्यालय में किसी तरह का विभाजन न हो। अन्य छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय में यूजीसी के नए नियम लागू नहीं होने चाहिए। अभी सभी छात्र एकजुट हैं और सभी को शांतिपूर्ण माहौल में पढ़ाई करने का अवसर मिलना चाहिए। छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में राजनीति नहीं करने की भी मांग की।