Sagar -सर्दियों में सक्रिय हुआ चोर गिरोह, ताले तोड़कर 3 लाख की नगदी उड़ाई |SAGAR TV NEWS|
खुरई शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि पुलिस की गश्ती प्वाईंट और कैमरों के बाबजूद चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने दुकान के कैमरे बंद कर करीब 3 लाख की चोरी की है। जानकारी के मुताबिक शहर के परसा चौराहा पर स्थित सुनील टायर हाउस नाम की दुकान के ताले तोड़कर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। दुकान संचालक खुशाल आहूजा ने बताया कि जब वह सुबह दुकान के सामने ही सब्जी खरीद रहे थे तो उन्होंने देखा कि दुकान के ताले नहीं दिख रहे।
पास आकर देखा तो एक ताला दूर पड़ा दिखा जबकि दूसरा ताला नहीं मिला और शटर के हुक मुड़े हुए थे। चोरी की आशंका के चलते उन्होंने शटर खोलकर देखा तो दुकान के ड्राज आदि खुले हुए थे। जिसमें करीब ढाई लाख नगदी और एक 50 हजार कीमत का सोने का पेंडल चोरी चला गया। घटना की सूचना लगते ही शहरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दुकान संचालक ने बताया कि दुकान में 4 कैमरे लगे हुए हैं। जिनमें से तीन कैमरों के कनेक्शन निकाल दिए। जबकि एक को दूसरी ओर घुमा दिया। उन्होंने बताया कि यह शहर का मुख्य चौराहा है और इतनी बड़ी घटना होना पुलिस की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा रहे हैं।