फायनेंस कंपनी में काम करने युवक नहीं पहुंचा घर, मिला भी तो इस तरह
फायनेंस कम्पनी में काम करने वाले एक युवक की बेरहमी से जान ले ली गयी। पत्थरों से कुचली हुई उसकी डेड बॉडी पड़ी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गयी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को अस्पताल भिजवाया साथ ही मामले को भी जांच में लिया। घटना दमोह जिले के तेजगढ़ थाना इलाके के इमलिया चौकी अंतर्गत सामने आई है। शुरूआती जांच में युवक का मर्डर किये जाने की बात सामने आ रही है। क्योंकि पास ही पत्थर पड़े हुए थे। साथ ही बॉडी को भी पत्थर से कुचला गया है। बताया जा रहा है की मृतक युवक विनोद अहिरवार माइक्रो फाइनेंस कंपनी में काम करता था।
जानकारी के मुताबिक विनोद पटेरा थाना इलाके के कुड़ई गांव का रहने वाला था। जो माइक्रो फाइनेंस कंपनी में लोन कलेक्शन का काम करता था। युवक अपने घर से तेंदूखेड़ा क्षेत्र में कलेक्शन के लिए निकला था और फिर घर वापिस नहीं लौटा। जिस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी। लेकिन इसके बाद युवक की डेड बॉडी जंगलों में पड़ी मिली। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। साथ ही शरीर पर भी भारी पत्थर डले हुए थे।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की है। मामले में मृतक के भाई सुदामा अहिरवार का कहना है की उसके भाई को पहले गोली मारी गयी इसके बाद पत्थर पटककर उसकी जान ली गयी है।
इसको लेकर दमोह एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने जानकारी दी।