बैंक में थैला काटकर उड़ाए 42 हजार रूपये, संदिग्ध महिला और युवती CCTV में कैद
एक शख्स बैंक में रूपये निकालने गया, रूपये निकाल भी लिए लेकिन उसे ज़रा भनक भी नहीं लगी और थैला काटकर पैसे चुरा लिए गए। वह हैरान रह गया की आखिर पैसे गए कहाँ। जब सीसीटीवी फुटेज देखे तो उसमें एक महिला और एक युवती संदिग्ध नज़र आये। जिन पर शक गहराया हुआ है। दमोह जिले के पटेरा थाना इलाके से यह हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है की पटेरा में संचालित एसबीआई बैंक से एक किसान के 42000 चोरी हो गए। किसान के थैले को काटकर यह राशि चुराने की बात पीड़ित ने कही है। उसने बैंक प्रबंधन को जानकारी दी जिसके बाद पटेरा थाने पहुंचकर एक आवेदन दिया है। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुम्हारी थाना के सग़ौनी गांव निवासी किसान दशरथ विश्वकर्मा से मिली जानकारी के मुताबिक धान बेचने की राशि उसके बैंक अकाउंट में जमा थी। स्टेट बैंक पटेरा में 50 हजार रूपये निकालने के लिए पहुंचा था। विड्रॉल भरने के बाद उसने 50 हजार की राशि कैशियर से लेकर अपने थैले में रखी और वह दूसरे काउंटर पर खड़ा हो गया। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने थैले को काटकर पैसे निकाल लिए। कुछ देर बाद जब उसने थैले को कटी हुई हालत में देखा तो उसमें 42 हजार रुपए गायब थे। केवल 7000 रूपये बचे हुए थे। जिसके बाद दशरथ विश्वकर्मा ने बैंक प्रबंधन को जानकारी दी। वहीं CCTV फुटेज देखने पर उसके पास एक महिला और एक युवती खड़ी हुई दिखाई दी। दोनों पर पैसे चुराने का कथित आरोप है। किसान तत्काल ही पटेरा थाने पहुंचा उसने पुलिस में आवेदन दिया। जहां पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।