डकैती का 71 लाख का मशरुका बरामद, पिस्टल के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार |SAGAR TV NEWS|
एमपी के खंडवा जिले के पुनासा क्षेत्र में प्रतिष्ठित कृष्णा ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज डकैती की वारदात का आखिरकार खंडवा पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। कई जिलों में फैले संगठित गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने करीब 71 लाख रुपये मूल्य का मशरुका, एक 12 बोर देशी पिस्टल, नकद राशि और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई खंडवा पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा गुप्त रणनीति और सटीक खुफिया सूचना के आधार पर की गई।
दरअसल, 9 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे पुनासा स्थित कृष्णा ज्वेलर्स में 6 से 7 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला था। बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषणों से भरे दो बैग लूट लिए। वारदात के दौरान सराफा व्यापारी और स्टाफ के साथ मारपीट की गई, वहीं दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी मनोज कुमार राय के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले गए। जांच के दौरान एक अहम सुराग मिला कि वारदात के समय एक आरोपी लंगड़ाकर चल रहा था, जिसने फायरिंग भी की थी। इसी पहचान के आधार पर जांच सही दिशा में आगे बढ़ी।
पुलिस ने वारदात के तरीके के आधार पर 12 संगठित गिरोहों को चिन्हित किया, जिनमें जबलपुर, मंडला और झाबुआ क्षेत्र के गिरोह शामिल थे। जांच में झाबुआ की सकरिया–रतन गैंग पर शक गहराया। इसके बाद तीन पुलिस टीमों को झाबुआ में तैनात किया गया। पुलिसकर्मी सब्जीवाले और फेरीवाले बनकर चार दिन तक रैकी करते रहे और सही मौके पर घेराबंदी कर सकरिया वसुनिया, रतन भील और विनोद डामोर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी लूट का माल खपाने के लिए गुजरात जाने की फिराक में थे। फिलहाल कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। डीआईजी मनोज कुमार राय ने इस कार्रवाई को खंडवा पुलिस की बड़ी सफलता बताया है।