सागर- अचानक बदले मौसम के बाद जोरदार मावठे की बारिश, कुछ किसान खुश, कुछ चिंतित |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले में अचानक बदले मौसम के मिज़ाज के बाद बारिश देखने को मिली, जिले भर में कई जगहों पर जोरदार बारिश हुई साथ ही ओले भी गिरे। इसी तरह बीना और खुरई में बीती रात मौसम में बदलाव देखने को मिला। और झमाझम मावठे की बारिश हुई। बीना के कुछ गांवों में ओलावृष्टि की भी जानकारी आई है। क्षेत्र में बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ कहीं तेज तो कहीं रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा। पिछले तीन दिनों से छाए बादलों के बाद हुई इस बारिश ने पूरे इलाके में ठिठुरन बढ़ा दी है। ठंडी हवा और तेज बारिश होने से क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद भी बंद हुई। बुधवार की सुबह ठंड के साथ घना कोहरा भी देखने को मिला।
गौरतलब है की ठंड का मौसम शुरू होने के बाद जनवरी महीने के आख़िरी हफ्ते में सीजन की पहली बारिश बीती रात को हुई। शहर में तीन दिनों से कभी बादल तो कभी हल्की धूप निकल रही थी। रात होते होते बारिश शुरू हो गई। इससे सड़कों पर पानी बह निकला। बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश हुई। मौसम में बार-बार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। इस समय सिविल अस्पताल में सर्दी, खांसी और बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। जहां बारिश से फसलों को लाभकारी बताया जा रहा है तो वहीं कहीं कहीं ओले गिरने से किसान चिंतित भी हैं।