Sagar - चाचा से नाराज़ भतीजा, बगावती तेवर में भाजपा विधायक के भतीजे !
कहते हैं की जिसका साथ तो खुलकर दो विरोधी कहलाओगे लेकिन गद्दार नहीं, कुछ इसी तरह की तस्वीर सागर जिले की राजनीति में भी देखने को मिल रही है जहाँ भतीजे की नाराज़गी चाचा पर भारी पड़ गयी। भतीजा खुलकर सामने है। खुलकर समर्थन भी कर रहे हैं। समर्थन भी उसका जिसे हराने चाचा ने एड़ी छोटी का जोर लगा दिया। राजनैतिक ताक़त लगा दी लेकिन जब परिणाम आया तो चौंकाने वाले नतीजे थे। जहां भतीजा चाचा पर भारी पड़ गया।
शायद आपको अभी तक बहुत ज्यादा कुछ समझ में न आया हो। तो हम आपको बता दें की हम सागर के देवरी की बात कर रहे हैं। चाचा पर भारी पड़ने वाले देवरी जनपद पंचायत प्रतिनिधि विनीत पटेरिया की बात कर रहे हैं। जो देवरी नगर पालिका चुनाव में किंग मेकर बनकर उभरे हैं। जब नेहा अल्केश जैन को उनकी कुर्सी वापस मिली तो इसके बाद विनीत पटेरिया खुलकर ताल ठोकते हुए उनके समर्थन में आ गए। विजय जुलूस में भी शामिल हुए।
वहीं अब उनका दिया हुआ एक बयान भी काफी सुर्खियां बटोर रहा है। विनीत पटेरिया के कहे मुताबिक अगर बना सकते हैं तो बिगाड़ भी सकते हैं। इसका नज़ारा लोग इस चुनाव में देख चुके हैं। वहीँ आने वाले विधानसभा चुनाव में भी इस तरह की गूँज सुनाई देगी। उनका सीधा इशारा देवरी विधायक बृजबिहारी पटेरिया को लेकर था। जो उनके चाचा हैं। उन्होंने कहा की देवरी की विधानसभा सीट कैसे आई यह बात किसी से छिपी नहीं है। सभी को मालूम है देवरी की जनता को पता है सारे नेताओं को जानकारी है।
दस साल से पूर्व मंत्री हर्ष यादव यहाँ से विधायक रहे उस समय पार्टी विधानसभा सीट क्यों नहीं जिता पाई। आगे उन्होंने कहा की चुनाव किसकी बदौलत किसकी दम पर जीता गया यह बात किसी से छिपी नहीं है। लेकिन इस सब के बावजूद भी अगर हाशिये पर रख दिया जाये, अधिकारीयों पर प्रेशर बनाया जाए, तो जनता ने अब आपको दिखा दिया है। उन्होंने देवरी विधायक को लेकर कहा की आपने देवरी की जनता के साथ कुछ किया ही होगा तभी तो ऐसा परिणाम आया है।
गौरतलब है की विनीत पटैरिया लंबे समय से बगावती तेवर अपनाये हुए हैं। बीते कुछ समय पहले जहां चाचा की ही लड़की को लेकर विवाद गहराया था। मामले थाने तक पहुंचा था। वहीं अब चुनाव में परिणाम के बाद जिस तरह से वो खुलकर सामने आये वह काफी कुछ बयां कर रहा है और इसके पीछे सबसे बड़ी वजह उनको नज़र अंदाज़ करना है। ऐसे में आने वाला समय देवरी की राजनीति में क्या गुल खिलाता है यह देखना बड़ा दिलचस्प होगा।