NH-44 पर फिल्मी लूट, व्यापारी की आंखों में मिर्ची झोंककर पिस्टल के दम पर 25 लाख उड़ाए, बदमाश फरार
एमपी के मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर देर रात एक फिल्मी अंदाज की वारदात ने हड़कंप मचा दिया। गुना से आगरा लौट रहे एक आलू व्यापारी की कार को बदमाशों ने पहले टक्कर मारकर रोका, फिर व्यापारी की आंखों में मिर्ची झोंकी, मारपीट की और पिस्टल अड़ाकर करीब 24 से 25 लाख रुपये नकद के साथ मोबाइल और जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए। हाईवे पर हुई इस बड़ी लूट के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, न्यू आगरा निवासी आलू व्यापारी अमन चौधरी अपने मुनीम और ड्राइवर के साथ किराए की अर्टिका कार MP-08-ZC-5463 से गुना से आगरा जा रहे थे। वारदात 21 जनवरी की रात करीब 3 बजे हुई। बताया जा रहा है कि छोटा टोल पार करते ही पीछे से आई एक सफेद स्विफ्ट कार ने उनकी गाड़ी को साइड से टक्कर मार दी और रास्ता रोक लिया।
टक्कर लगते ही स्विफ्ट से 5 से 6 बदमाश उतरे। उन्होंने बिना वक्त गंवाए व्यापारी और साथियों को घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले मिर्ची पाउडर झोंककर पीड़ितों को असहाय किया, फिर मारपीट करते हुए पिस्टल दिखाकर कार और बैग की तलाशी ली। बदमाश बैग में रखे 24 से 25 लाख नकद, तीनों के मोबाइल फोन और कुछ जरूरी दस्तावेज लेकर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित संभल भी नहीं पाए।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर लिए हैं और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आसपास के टोल प्लाजा और प्रमुख चौराहों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि स्विफ्ट कार और बदमाशों की पहचान की जा सके।
हाईवे पर रात के समय इस तरह की लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पीड़ित परिवार सदमे में है और व्यापारियों में भी डर का माहौल है।