MP | अभिनेता सुनील शेट्टी, महाकाल की शरण में, नंदी के कान में कही मनोकामना
फिल्म जगत के जाने-माने अभिनेता सुनील शेट्टी आज आध्यात्मिक नगरी एमपी के उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। बाबा महाकाल के दरबार में अभिनेता की मौजूदगी से मंदिर परिसर में भक्तों और प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सुनील शेट्टी सुबह मंदिर पहुंचे और गर्भगृह में दर्शन कर भगवान महाकाल से आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे नंदी हॉल पहुंचे, जहां उन्होंने परंपरा के अनुसार नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना कही। माना जाता है कि नंदी के कान में कही गई मनोकामना भगवान महाकाल तक अवश्य पहुंचती है। अभिनेता पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ दर्शन करते नजर आए।
महाकाल मंदिर में इन दिनों देश-विदेश से बड़ी हस्तियों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में सुनील शेट्टी का यह धार्मिक दौरा श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा। दर्शन के पश्चात मंदिर समिति की ओर से सहायक प्रशासक एस.एन. सोनी एवं सिम्मी यादव द्वारा अभिनेता का सम्मान किया गया। समिति ने उन्हें बाबा महाकाल की तस्वीर और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।
दर्शन के बाद मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में अभिनेता सुनील शेट्टी ने कहा कि उन्हें बाबा महाकाल के दरबार में आकर विशेष शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने बताया कि वे अपनी आने वाली फिल्मों की सफलता और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना लेकर बाबा महाकाल के दर्शन करने आए हैं। सुनील शेट्टी ने कहा कि उज्जैन और महाकाल की महिमा शब्दों में बयान करना कठिन है।
अभिनेता के मंदिर आगमन के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालु दूर से ही अपने पसंदीदा अभिनेता की झलक पाने को आतुर नजर आए। सुनील शेट्टी ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया। सुनील शेट्टी का यह आध्यात्मिक दौरा एक बार फिर साबित करता है कि महाकाल की नगरी उज्जैन न केवल श्रद्धालुओं बल्कि देश की बड़ी हस्तियों के लिए भी आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।