मोड़ पर संतुलन बिगड़ा और तालाब में उतर गया ट्रेक्टर-ट्रॉली, चालक और बच्ची नहीं बच सकी |SAGAR TV NEWS|
सरिया और गिट्टी से लोड एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई, इस हादसे में चालक ने दम तोड़ दिया वहीं एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयी थी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया लेकिन उसने भी दम तोड़ दिया। घटना छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना इलाके से सामने आई है। जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। संतुलन बिगड़ने से हादसा होने की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है की लवकुशनगर मार्ग पर मडेरी गांव के पास सरिया से भरा एक ट्रैक्टर पलट गया, इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चला रहे चालक समेत बच्ची की जान चली गई।
मिली जानकारी के मुताबिक गिट्टी और सरिया से लदा हुआ ट्रैक्टर लवकुशनगर से चंदला की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर मोड़ पर पहुंचा तो उसका संतुलन बिगड़ गया। सरिया का वजन एक तरफ ज्यादा होने की वजह से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा गिरा। जिसके बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, और बचाव कार्य शुरू किया जहां चालक की जान जा चुकी थी वहीं एक बच्ची सरियों के पास फंसी हुई थी। जिसे निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई थी। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी लेकर मामले को जांच में लिया है।