Sagar - बीएमसी के सुरक्षा गार्ड पर कहर बनकर टूटे, 56 गैंग के बदमाश, सीसीटीवी आया सामने
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में चाकूबाजी घायल होने के बाद भर्ती एक नाबालिग के अटेंडर ने रविवार रात शराब पीकर वार्ड में हंगामा किया। सुरक्षाकर्मियों ने उसे परिसर से बाहर निकाला तो वह भड़क गया। फोन करके उसने अपने कुछ साथियों को बीएमसी बुलाया और मेन गेट पर बैठे सुरक्षा गार्ड अमोल यादव पर चाकू से हमला कर दिया।
आरोपी ने एक के बाद एक कुल 5 घाव सुरक्षा गार्ड को मारे और वहीं पर पड़ा छोड़कर भाग गए। चाकू लगने से सुरक्षाकर्मी को सीने, कंधे और दोनों पैरों में गहरे घाव हुए हैं, जिसे इलाज के लिए बीएमसी में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। वहीं बीएमसी प्रबंधन ने एसपी को पत्र लिखकर पुलिस की तैनाती के साथ पेट्रोलिंग की मांग की है।
इतवारी टौरी निवासी एक 17 वर्षीय नाबालिग चाकू लगने से घायल हुआ था, जिसका इलाज बीएमसी में चल रहा है। नाबालिग के पिता ने बताया कि उसका बेटा सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ता है। रविवार को फेयरवेल थी, जहां से लौटकर वह दोस्तों के साथ विश्वविद्यालय के सेल्फी पाइंट पर गया था। वहां पर इतवारी टौरी निवासी लकी कोरी, तुत्तु रायकवार व एक नाबालिग आए और बेटे से रुपए मांगने लगे।
रुपए देने से मना करने पर आरोपी तुत्तु ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। चाकू लगने से उसकी हथेली और पैर में घाव हुए हैं। तीनों आरोपी कटर/ चाकूबाजों की 56 गैंग के सदस्य हैं। मोतीनगर पुलिस ने भी इस बात की पुष्टि की है कि आरोपी आदतन अपराधी हैं।