अवैध शराब ने छीनी घरों की खुशहाली, परेशान महिलाओं का फूटा गुस्सा, थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घनश्यामपुरा में अवैध शराब की बिक्री अब सामाजिक संकट का रूप ले चुकी है। इस समस्या से त्रस्त होकर गांव की महिलाओं ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि अवैध शराब ने उनके घरों की खुशहाली छीन ली है और पारिवारिक जीवन पूरी तरह बिखरता जा रहा है।
महिलाओं ने बताया कि गांव में खुलेआम बिक रही शराब के कारण पुरुष नशे के आदी हो चुके हैं। शाम ढलते ही शराब पीकर घर लौटने वाले पति छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा, मारपीट और गाली-गलौज करने लगते हैं। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई, घर के खर्च और मानसिक शांति पर पड़ रहा है। कई महिलाओं ने कहा कि बच्चों को भूखे पेट सोना पड़ता है, क्योंकि घर की कमाई शराब में खत्म हो जाती है।
इस गंभीर समस्या को लेकर सुबह करीब 10 बजे गांव की सभी महिलाएं एकत्रित हुईं और ग्राम पंचायत के वर्तमान सरपंच नरेन्द्र कटारे एवं पूर्व सरपंच को अपनी पीड़ा बताई। इसके बाद शहजादपुरा ग्राम पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ढाबा संचालकों को बुलाकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं, सरपंच, ढाबा संचालकों और भगवती मानव कल्याण संगठन की मौजूदगी में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब किसी भी ढाबे पर अवैध शराब न बेची जाएगी और न ही शराब पीने दी जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि यदि कोई ढाबा संचालक अवैध शराब बेचते या पिलाते पाया गया, तो उस पर 2100 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद महिलाएं सामूहिक रूप से बटियागढ़ थाना पहुंचीं और थाना प्रभारी रजनी शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि इसके बाद भी शराब का अवैध कारोबार जारी रहा, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगी।
थाना प्रभारी रजनी शुक्ला ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए माना कि अवैध शराब गांव की शांति भंग कर रही है। उन्होंने महिलाओं को जल्द छापेमारी और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या केवल घनश्यामपुरा तक सीमित नहीं, बल्कि आसपास के कई गांव भी इसकी चपेट में हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन की कार्रवाई इस सामाजिक बुराई पर कितनी प्रभावी साबित होती है।