Sagar- इंस्ट्राग्राम पर वीडियो देख हिल गया थाना, छात्र की शिकायत पर 4 पर मामला दर्ज
सागर के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में 12वीं के छात्र के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। मेले में धक्का लगने की मामूली बात पर युवकों ने छात्र को घर से बुलाकर लात-घूंसों और बेल्ट से पीटा। इतना ही नहीं, आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया। फरियादी आयुष की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गढ़ाकोटा निवासी आयुष ने शिकायत में बताया कि वह कक्षा 12वीं का छात्र है। 16 जनवरी को वह घोघरा मेला घूमने गया था, जहां गलती से ध्रुव नामक युवक को उसका धक्का लग गया। इस पर दोनों में कहासुनी हुई, लेकिन वह घर लौट आया। रात करीब 9:30 बजे उसका परिचित नावेद खान घर आया और काम का बहाना बनाकर उसे अपने साथ ले गया। नावेद उसे ध्रुव के घर ले गया, जहां गौरव अग्रवाल भी आ गया।
वहां आरोपियों ने धक्का लगने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लात-घूंसों और बेल्ट से बुरी तरह मारपीट की। आरोपियों ने इसका वीडियो भी बनाया और धमकी दी कि अगर घटना की जानकारी किसी को दी, तो जान से मार देंगे। डर के कारण छात्र ने उस वक्त किसी को कुछ नहीं बताया।आरोपियों ने मारपीट का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। जब परिजनों ने यह वीडियो देखा, तो आयुष से पूछताछ की। परिजनों ने आरोपियों से वीडियो हटाने को कहा, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसके बाद पीड़ित ने परिवार के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई