बिना हेलमेट वालों के कटे चालान, हेलमेट पहनने वालों का फूल देकर सम्मान, पुलिस का अभियान
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के घुवारा पुलिस ने एक सराहनीय और अनोखी पहल की है। पुलिस चौकी के सामने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर जहां नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाई गई, वहीं नियमों का पालन करने वाले जागरूक नागरिकों को सम्मानित भी किया गया। इस दोहरे संदेश वाले अभियान से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की। बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले और बिना सीट बेल्ट कार चलाने वाले चालकों के चालान काटे गए। कई वाहन चालकों को मौके पर ही यातायात नियमों की जानकारी दी गई और भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी भी ली गई, ताकि कानून व्यवस्था को मजबूत रखा जा सके।
इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि जो वाहन चालक हेलमेट पहनकर और सभी नियमों का पालन करते हुए सफर कर रहे थे, पुलिस ने उन्हें रोककर फूल देकर सम्मानित किया। पुलिस का यह सकारात्मक व्यवहार देखकर वाहन चालकों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली और लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की। थाना प्रभारी कृपाल मार्को ने बताया कि यह अभियान पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर पूरे जिले में चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोटें आती हैं और कई बार लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ती है। हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपाय जीवन रक्षक साबित होते हैं।
टीआई कृपाल मार्को ने आम नागरिकों से अपील की कि वे पुलिस कार्रवाई को केवल दंडात्मक न समझें, बल्कि इसे अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम मानें। नियमों का पालन कर न सिर्फ अपनी जान सुरक्षित रखें, बल्कि दूसरों की सुरक्षा में भी योगदान दें। घुवारा पुलिस का यह अभियान अब क्षेत्र में मिसाल बन गया है, जहां सख्ती के साथ संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। उम्मीद है कि इस तरह की पहल से लोग स्वयं यातायात नियमों के प्रति जागरूक होंगे और सड़क हादसों में कमी आएगी।