Sagar - हिट एंड रन में कार ने बाइक को उड़ाया, नंबर प्लेट लेकर भागा चालक
सागर जिले के खुरई जगदीशपुरा बायपास चौराहा पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद कार सवार बाइक को 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। एक्सीडेंट को छिपाने के लिए कार चालक ने तत्काल नंबर प्लेट अलग करके मौके से भाग निकला।
जानकारी के मुताबिक बाइक सवार जागेश्वर अहिरवार निवासी गमीरिया बुजुर्ग, ब्रजेश अहिरवार निवासी खुरई जो अपनी बाइक क्रमांक एमपी 15 जेडबी 0814 बायपास से निकल रहे थे कि इसी दौरान एक अज्ञात कार जो सागर से बीना की ओर जा रही थी कि कार चालक ने तेज और लापरवाही से कार चलाते हुए बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कार में फंस गई। कार चालक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। घायलों को एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां जागेश्वर अहिरवार को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शी शुभम सिंह ने बताया कि एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद कार चालक नंबर प्लेट निकालकर मौके से भाग निकला।