हाईवे पर खाना खा रहे 14 मजदूरों को तेज रफ्तार कार ने उड़ाया, 2 की मौत, 7 पहुंचे अस्पताल
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बरेला थाना क्षेत्र के एकता चौक के पास तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे 14 मजदूरों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में 2 महिला मजदूरों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 12 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से 7 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी मजदूर हाईवे के डिवाइडर पर लगी लोहे की ग्रिल की सफाई और पेंटिंग का कार्य कर रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे, काम से कुछ देर का विश्राम लेकर सभी मजदूर सड़क किनारे बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान बरेला से जबलपुर की ओर आ रही तेज रफ्तार सफेद कार अचानक अनियंत्रित हो गई और मजदूरों को रौंदते हुए मौके से फरार हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। मजदूर सड़क पर तड़पते रहे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और डायल 108 को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में बरेला थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय स्वयं मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर और त्वरित इलाज के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, मृतक और घायल सभी मजदूर मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र के बिहारिया गांव के निवासी हैं, जो पिछले डेढ़ महीने से जबलपुर में मजदूरी कर रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान चैनवती 35 साल और लच्छो बाई 38 साल के रूप में हुई है।
वहीं घायलों में गोमती बाई, राजकुमारी, वर्षा बाई, कृष्णा बाई, अकलवती, प्रभावती, मीरा बाई, जमना बाई, ज्ञानवती, भगवती, लक्ष्मी बाई और छोटीबाई शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। हादसे के बाद आरोपी चालक कार समेत फरार हो गया। बरेला थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी गई है। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर मजदूरों की सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।