CM मोहन यादव की संवेदनशील पहल, दिव्यांग अभिषेक का क्रिकेट सपना हुआ साकार, इंदौर मैच के टिकट तुरंत भिजवाए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वे सिर्फ प्रशासनिक मुखिया ही नहीं, बल्कि आमजन की भावनाओं को समझने वाले संवेदनशील जननेता भी हैं। उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के ग्राम बमनापाति निवासी 32 वर्षीय दिव्यांग युवक अभिषेक का वर्षों पुराना क्रिकेट सपना मुख्यमंत्री की त्वरित पहल से साकार हो गया।
अभिषेक बचपन से ही क्रिकेट के जबरदस्त प्रशंसक हैं। टीवी पर टीम इंडिया का हर मैच देखने वाले अभिषेक की दिली इच्छा थी कि वे एक बार स्टेडियम में बैठकर भारत का लाइव मैच देखें। हाल ही में इंदौर में आयोजित भारत–न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के मैच को लेकर उनका उत्साह चरम पर था, लेकिन टिकट न मिल पाने के कारण वे बेहद निराश और चिंतित हो गए थे।
इसी बीच अभिषेक ने एक भावुक वीडियो बनाकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मदद की अपील की। वहीं उनके पिता ने भी उज्जैन कलेक्टर के माध्यम से यह संदेश शासन तक पहुंचाया। जैसे ही यह बात मुख्यमंत्री तक पहुंची, उन्होंने बिना किसी देरी के अधिकारियों को निर्देश दिए और तुरंत अभिषेक के लिए मैच का टिकट उपलब्ध कराया।
मुख्यमंत्री की इस त्वरित कार्रवाई के बाद अभिषेक पहली बार टीम इंडिया की जर्सी पहनकर इंदौर के स्टेडियम पहुंचे। लाइव मैच देखने का अनुभव उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था। स्टेडियम में बैठकर खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देख अभिषेक की आंखों में खुशी और चेहरे पर मुस्कान साफ झलक रही थी।
अभिषेक और उनके परिवार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक टिकट नहीं, बल्कि उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशी है। मुख्यमंत्री की यह पहल दिव्यांगजनों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण और संवेदनशील सोच का उदाहरण बन गई है।
डॉ. मोहन यादव की इस पहल ने यह संदेश दिया है कि जब नेतृत्व संवेदनशील हो, तो आमजन की छोटी-छोटी इच्छाएं भी बड़ी खुशियों में बदल सकती हैं। मुख्यमंत्री का यह निर्णय न केवल अभिषेक के लिए यादगार बन गया, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और भरोसे को भी मजबूत कर गया।