बुजुर्ग की मौत के बाद शव सड़क पर रखकर लगाया जाम, पुलिस पर देरी का आरोप |SAGAR TV NEWS|
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा क्षेत्र के सूरजपुरा कला गांव में एक बुजुर्ग की जान के बाद हालात बेकाबू हो गए। 68 वर्षीय पुन्ना साहू की जान से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, पुन्ना साहू गांव में चल रहे एक भजन कार्यक्रम में मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही निवासी पप्पू द्वारा अपनी मां और बहन से घर में विवाद किया जा रहा था। शोरगुल सुनकर जब पुन्ना साहू बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ मारपीट कर दी। मारपीट के बाद परिजन उन्हें घर ले गए, जहां दर्द होने पर आयोडेक्स से मालिश की गई। लेकिन जब दर्द और बढ़ा तो उन्हें सिविल अस्पताल बड़ा मलहरा ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी जान चली गई।
जान के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि शाम करीब 7 बजे से वे थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे जाकर मामला दर्ज किया। इसी देरी से नाराज परिजन सुबह सिविल अस्पताल परिसर में जमा हो गए और जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए अस्पताल तिराहे पर शव रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग 934 को बाधित करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश दी और नामजद एफआईआर दर्ज करने का भरोसा दिलाया, लेकिन परिजन पुलिस पर अविश्वास जताते रहे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने और शव को पोस्टमार्टम के लिए छतरपुर ले जाने की बात कही।
इसी बीच पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया। आरोप है कि पुलिस अभिरक्षा में आरोपी के साथ कुछ लोगों ने मारपीट करने का प्रयास किया, जिससे अस्पताल तिराहे पर फिर अफरा-तफरी मच गई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। समझाइश के बाद परिजन शव को दोबारा बड़ा मलहरा शवगृह लाने पर सहमत हुए। पोस्टमार्टम के बाद सभी कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। बड़ा मलहरा थाना प्रभारी श्रद्धा शुक्ला ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव और कस्बे में तनाव बना हुआ है, पुलिस सतर्कता बरत रही है।