सागर-रोड शो करने पहुंची अभिनेत्री अंकिता लोखंडे को दिखाए काले झंडे, चुनावी जंग हुई तेज SAGAR TV NEWS
सागर जिले के देवरी में इन दिनों सियासी पारा चढ़ा हुआ है। चुनावी जंग तेज हो गयी है। वहीं खाली कुर्सी बनाम भरी कुर्सी को लेकर जोर आजमाइश का दौर जारी है। इसी बीच फ़िल्म अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन के पक्ष में रोड शो करने देवरी पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें करनी सेना के विरोध का सामना करना पड़ा। सड़क पर मौजूद युवाओं ने न सिर्फ नारेबाजी की बल्कि काले झंडे दिखाकर वापिस जाने की बात भी कही। दरअसल सुशांत सिंह राजपूत मामले को लेकर कार्यकर्ताओं ने वापस जाओ के नारे लगाए।
इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश भी की।
दरअसल शुक्रवार को अभिनेत्री और बिग बॉस की प्रतिभागी अंकिता लोखंडे अपने पति के साथ देवरी पहुंची थी। जहां उनके द्वारा सहजपुर तिराहे से बस स्टैंड होते हुए विवेकानंद चौराहे तक रोड शो निकाला गया। इस दौरान उन्होंने लोगों का अभिवादन किया। और नेहा अलकेश जैन के पक्ष में समर्थन जुटाया।
बता दें की देवरी नगर पालिका में अध्यक्ष पद को लेकर होने वाले खाली कुर्सी–भरी कुर्सी के मतदान को लेकर चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। निर्वाचन आयोग द्वारा 19 जनवरी को मतदान तय किए जाने के बाद दोनों पक्षों ने अपनी ताकत दिखाने के लिए अलग–अलग रोड शो और पदयात्राएं निकालीं। भरी कुर्सी के समर्थन में नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन के पक्ष में फिल्म अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन देवरी पहुंचे और समर्थन जुटाया।
तो वहीं दूसरी तरफ खाली कुर्सी के समर्थन में विधायक बृजबिहारी पटेरिया, नगर पालिका के 13 पार्षद, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने विवेकानंद तिराहे से पदयात्रा निकाली। जो मुख्य मार्गों से होकर निकाली गई। नगर पालिका चौराहा पर सभा का आयोजन किया गया था।
दोनों ही तरफ से मतदाताओं को अपनी तरफ करने पूरी ताकत झोंकी जा रही है। ऐसे में 19 जनवरी को होने वाला मतदान यह तय करेगा की आखिर नगर की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।