बाइक सवार युवक की पीठ में लगी गोली, अज्ञात आरोपी फरार, सनसनी फैली, मामला संदिग्ध
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बिजावर अनुभाग अंतर्गत बड़ामलहरा क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जटाशंकर मार्ग पर रतुआ के पास एक युवक की पीठ में गोली लगने का संदिग्ध मामला सामने आया। घायल युवक की पहचान एरोरा निवासी रामेश्वर अहिरवार पिता सिद्दा अहिरवार के रूप में हुई है, जो बिजावर से अपने गांव एरोरा लौट रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दो अज्ञात हमलावरों ने पीछे से उस पर गोली चला दी।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगते ही रामेश्वर सड़क किनारे गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। पुलिस की मदद से घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिजावर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल रामेश्वर अहिरवार को इलाके में तीन नामों—पन्नू, रामेश्वर और अखंड—से जाना जाता है। पुलिस का कहना है कि उसका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति बताया जा रहा है। इसी कारण से यह पूरा मामला पुलिस को संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली वास्तव में किसी हमलावर ने चलाई या फिर घटना के पीछे कोई और कारण है।
घटना की जानकारी मिलते ही बिजावर और बड़ामलहरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की तलाश की जा रही है, वहीं घायल के बयान का इंतजार किया जा रहा है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी या किसी आपराधिक विवाद से जुड़ा मामला तो नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। अज्ञात हमलावरों की तलाश जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।