बगीचे की बाउंड्रीवॉल तोड़े जाने के बाद मच गया बवाल, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने निगमायुक्त को दी धमकी
बगीचे की बाउंड्रीवॉल तोड़े जाने के बाद बवाल मच गया, और तनावपूर्ण स्थिति बन गयी। गुस्साए पार्षद धरने पर बैठ गए। और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे, यही नहीं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष ने निगमायुक्त को धमकी तक दे दी। मामला रतलाम जिले का है। जहां सैलाना रोड क्षेत्र में उस वक़्त तनावपूर्ण हालात बन गए, जब एक बगीचे की बाउंड्री वॉल तोड़ दिए जाने और भगवान भैरव जी के ओटले को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया। आरोप है कि पास ही स्थित एक होटल संचालक ने बाउंड्री वॉल को तुड़वाया, जिससे स्थानीय लोग, पार्षद और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भड़क उठे।
जिसके बाद स्थानीय भाजपा पार्षद पप्पू पुरोहित और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने रतलाम–सैलाना रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया, जो करीब चार घंटे तक चला। इस दौरान बाउंड्री वॉल दोबारा बनाए जाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पार्षद पप्पू पुरोहित ने आत्मदाह की धमकी देकर प्रशासन पर दबाव बनाया। हंगामे की सूचना मिलने के बाद नगर निगम आयुक्त अनिल भाना मौके पर पहुंचे।
इस दौरान भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बजरंग पुरोहित और निगम आयुक्त के बीच तीखी नोंक झोंक हो गई। जहां बाउंड्री वॉल तोड़ने वालों पर एफआईआर न होने की स्थिति में शहर की “फिज़ा बिगाड़ने” की धमकी तक दे डाली। जिसके बाद हिंदू संगठन की शिकायत पर औद्योगिक थाना पुलिस ने बाउंड्री वॉल तोड़ने के मामले में होटल मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
ऐसी जानकारी है की नगर निगम के बगीचे और होटल संचालक के बीच जमीन को लेकर विवाद पहले से ही चल रहा है। जो फिलहाल हाईकोर्ट में लंबित है। इसी कारण नगर निगम के अधिकारी इस मामले पर खुलकर कुछ भी कहने से बचते नजर आए।--------