1100+ ट्रैक्टरों की महा-रैली से गूंजा भोपाल, सीएम मोहन यादव ने किया ‘कृषक कल्याण वर्ष–2026 का आगाज
1100+ ट्रैक्टरों की महा-रैली से गूंजा भोपाल, सीएम मोहन यादव ने किया ‘कृषक कल्याण वर्ष–2026 का आगाज
किसान महाकुंभ, ट्रैक्टर रैली CM बोले आय दोगुनी का संकल्प
मध्प्रदेश की राजधानी भोपाल का जंबूरी मैदान आज इतिहास का साक्षी बना, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने “कृषक कल्याण वर्ष–2026” का भव्य और ऐतिहासिक आगाज किया। 1100 से अधिक ट्रैक्टरों की विशाल रैली, कृषि रथों की गूंज और हजारों किसानों की मौजूदगी ने पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री स्वयं ट्रैक्टर चलाकर किसानों के साथ रैली में शामिल हुए, जिससे किसानों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है, जो पूरे साल को “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में मनाएगा। यह वर्ष केवल खेती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 16 विभागों को एक साथ जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने का मिशन बनेगा। सीएम ने स्पष्ट कहा—“अब किसान सिर्फ उत्पादक नहीं, बल्कि उद्यमी बनेगा।”
कार्यक्रम में किसानों के लिए नई-नई योजनाओं का ऐलान किया गया। 25 गायों पर आधारित डेयरी यूनिट के लिए 40 लाख रुपये तक की योजना, जिसमें 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी। इससे नियमित दूध उत्पादन के जरिए किसानों को स्थायी नकद आय मिलेगी। सोलर पंप योजना के तहत किसानों का बिजली बिल शून्य या बेहद कम करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं सरसों को भावांतर भुगतान योजना में शामिल करने की तैयारी भी सरकार ने शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नर्मदा और केन–बेतवा जैसी नदी जोड़ो परियोजनाओं के जरिए 25 जिलों में 16 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा जाएगा। इससे खेती का रकबा बढ़ेगा और उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि होगी। वर्तमान में प्रदेश ने 16 प्रतिशत कृषि विकास दर हासिल की है और खेती का रकबा 2.5 लाख हेक्टेयर बढ़ चुका है।
इसके साथ ही सभी कृषि मंडियों के आधुनिकीकरण, माइक्रो लैब की स्थापना, नई भर्तियों और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की भी घोषणा की गई। पूरे साल किसान सम्मेलन, प्रशिक्षण शिविर, मेले और योजनाओं के माध्यम से किसानों को सीधे लाभ पहुंचाया जाएगा। जंबूरी मैदान से उठा यह संदेश साफ है—“समृद्ध किसान, समृद्ध मध्य प्रदेश”। यह आयोजन किसानों को आत्मनिर्भर, उद्यमी और सशक्त बनाने की दिशा में एक नई शुरुआत साबित हुआ।