सागर- लगातार बढ़ रहे अपराध चिंता का विषय, कांग्रेसियों ने पुलिस को कराया अवगत |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले के देवरी क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अपराधों को लेकर लोगों ने चिंता जाहिर की है। खास तौर पर बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर और अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बढ़ते अपराध, नशे की तस्करी, मंदिर चोरी साथ ही महिला अपराधों को लेकर ध्यान आकर्षित किया गया इसी को लेकर देवरी एसडीओपी को ज्ञापन भी सौंपा गया है। दरअसल पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई थी।
बताया जा रहा है की देवरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन की मजबूती को लेकर पूर्व केबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय देवरी में संयुक्त संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता विधानसभा प्रभारी रतनचन्द्र जैन ने की, जिसमें ब्लॉक देवरी, गौरझामर, महाराजपुर और अनंतपुरा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में ‘बूथ चलो–गांव चलो अभियान’ और ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ को प्रभावी रूप से लागू करने, ग्राम पंचायत और वार्ड कमेटियों के गठन पर चर्चा हुई। इस दौरान कांग्रेस के वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताई।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इकट्ठे होकर एसडीओपी कार्यालय पहुंचे। जहां देवरी विधानसभा के चार थाना क्षेत्रों में बढ़ते अपराध, नशे की तस्करी, मंदिर चोरी और महिला अपराधों को लेकर एसडीओपी देवरी को पुलिस महानिदेशक भोपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।