छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही बेटी का पुलिस के मुखिया ने किया सम्मान
यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस 5642 मीटर की ऊंचाई पर एमपी की बेटी ने सफलतापूर्वक चढ़ाई कर भारत का तिरंगा फहराया था, अब उन्हें नशामुक्ति के लिए किये गए प्रयासों के लिए भी सराहना मिल रही है। मैहर के एक गांव से आने वाली अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही अंजना सिंह को भोपाल में मध्यप्रदेश पुलिस के मुखिया कैलाश मकवाणा ने सम्मानित किया। मैहर जिले के बेदुराकला गांव की बेटी और अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोही अंजना सिंह को उनके साहसिक अभियानों और सामाजिक जागरूकता के लिए भोपाल में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सम्मानित किया, साथ ही उन्हें प्रशस्ति पत्र भी दिया गया।
इसकी जानकारी अंजना सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें साझा करते हुए दी। अंजना सिंह ने अपने पर्वतारोहण अभियानों के दौरान “नशे से दूरी है जरूरी” जैसे प्रभावशाली संदेश को पर्वत की चोटियों से प्रसारित कर युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। उनके इस प्रयास को समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक सशक्त पहल माना जा रहा है।
इस दौरान डीजीपी ने अंजना सिंह के साहस, समर्पण और सामाजिक सोच की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायी प्रयास युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों और नागरिकों ने भी उनके कार्यों की जमकर प्रशंसा की।
गौरतलब है की बेदुराकला में रहने वाली अंजना सिंह ने 27 जुलाई 2025 को यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस 5642 मीटर पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर भारत का तिरंगा फहराया था। वहीं 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस के मौके पर अफ्रीका की सबसे ऊँची चोटी माउंट किलिमंजारो (5895 मीटर पर तिरंगा फहराकर देश का नाम रोशन किया था।---------