फ्रूट गोदाम में ऐसी आग लगी की कुछ भी नहीं बचा, एक करोड़ के नुकसान का अनुमान |SAGAR TV NEWS|
फ्रूट गोदाम में अचानक ऐसी आग लगी की कई किस्म के फल और कीमती सामान जलकर खाक हो गया। इस घटना में व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आ रही है। घटना शिवपुरी जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत होटल ग्रीन व्यू के पास की है। जहां बुधवार देर रात एक फ्रूट गोदाम में भीषण आग भड़क गई। बताया जा रहा है कि आग रात करीब तीन बजे लगी, जिस पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड को सुबह तक मशक्कत करनी पड़ी। इस हादसे में फ्रूट व्यापारियों को लाखों रुपये के फल और अन्य कीमती सामान जल गया।
पीड़ित व्यापारी चंदन खटीक ने मुताबिक वह अपने पार्टनर इकबाल खान के साथ थोक फ्रूट का कारोबार करते हैं और जिले भर में सप्लाई की जाती है। गोदाम में करीब 20 लाख रुपये के इंपोर्टेड सेब, 20 लाख रुपये के हिमाचल के सेब, 7 लाख रुपये के केले, लाखों रुपये की कीवी समेत अन्य फलों का स्टॉक रखा हुआ था। आग की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पूरा गोदाम आग की चपेट में आ चुका था।
सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा पूरा फल स्टॉक जलकर खराब हो गया था। इसके साथ ही फ्रूट रखने के लिए बनाए गए चैंबर, फर्नीचर, एसी और अन्य उपकरण भी जल गए।
व्यापारी ने बताया कि उन्होंने बैंक से लोन लेकर यह कारोबार शुरू किया था। कई व्यापारियों को अभी लाखों रुपये का भुगतान बाकी है और बैंक लोन भी चल रहा है। इस आगजनी की घटना से उन्हें करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। वहीं पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।