जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप, पूरा परिसर खाली, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

 

देश के आधुनिक न्यायालय परिसरों में शामिल एमपी के रीवा जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को प्रशासनिक और सुरक्षा अमले में हड़कंप मच गया। न्यायालय को निशाना बनाने संबंधी यह धमकी ई-मेल के माध्यम से मिली, जिसके बाद आनन-फानन में पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे न्यायालय परिसर को तत्काल खाली कराते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

 

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस के विशेष दस्ते और बम निरोधक दस्ते ने न्यायालय परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया। परिसर की चारों ओर से घेराबंदी कर प्रवेश और निकास पर सख्त निगरानी शुरू की गई। सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय में मौजूद सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद कोर्ट के हर कक्ष, रिकॉर्ड रूम, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों की सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।

 

सूत्रों के अनुसार धमकी भरा यह ई-मेल किसी दक्षिण भारतीय आतंकवादी संगठन के नाम से भेजा गया बताया जा रहा है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। इस इनपुट के बाद न केवल रीवा, बल्कि पूरे प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियां ई-मेल की तकनीकी जांच में जुट गई हैं और उसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की। बम निरोधक दस्ते द्वारा डॉग स्क्वॉड और आधुनिक उपकरणों की मदद से पूरे परिसर की बारीकी से जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम उठाने के मूड में नहीं हैं।

 

गौरतलब है कि रीवा का यह आधुनिक जिला न्यायालय भवन लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसका लोकार्पण 4 मई 2025 को सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस जे.के. महेश्वरी, जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस एस.सी. शर्मा तथा मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के तत्कालीन चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैथ की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ था। इस संवेदनशील घटना के बाद न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर पहलू पर सतर्कता बरती जा रही है।


By - sagar tv news
08-Jan-2026

YOU MAY ALSO LIKE

POPULAR POSTS

गेहूँ खरीदी की तारीखों में हुआ बड़ा बदलाव, सीएम मोहन यादव ने बताया अब कब तक बेच सकेंगे किसान
by sagar tv news , 20-May-2026
Sagar- 4 हजार करोड़ की बीना-कटनी तीसरी रेल लाइन तैयार, सागर दमोह की बदलेगी तस्वीर | SAGAR TV NEWS |
by sagarttvnews, 25-Apr-2026
सागर- बीना विधायक, दल-बदल केस में हाईकोर्ट का बड़ा संकेत, पहले स्पीकर तय करेंगे किस्मत SAGAR TV NEWS
by sagarttvnews, 21-Apr-2026
MP में सरकारी बसों की वापसी से मची हलचल,निजी ऑपरेटरों की मनमानी पर ब्रेक? यात्रियों में खुशी की लहर
by sagar tv news , 27-Feb-2026
आखिर कब ख़त्म होगा बिच्छू,007 और 56 गैंग का आतंक, शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल पुलिस कार्रवाई बेअसर
by sagar tv news, 20-Jan-2026
Sagar- जया बच्चन ने शादी को बताया आउटडेटेड, तो क्या बोली सागर की लड़कियाँ |SAGAR TV NEWS|
by sagarttvnews, 04-Dec-2025
Read More

Sagartvnews subscribe on youtube



NEWSLETTER

सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.