Sagar -पहली बार महिला ब्रिगेड का गठन, नगर निगम में बकाया कर वसूली को लेकर निगमायुक्त का बड़ा फैसला
सागर नगर निगम में बकाया करों की वसूली को लेकर एक ऐतिहासिक और सख्त कदम उठाया गया है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने पहली बार नगर निगम में महिला ब्रिगेड दल का गठन कर दिया है। इस विशेष दल का उद्देश्य संपत्तिकर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क, दुकानों का किराया सहित सभी प्रकार के बकाया करों की लक्ष्य के अनुसार वसूली सुनिश्चित करना है।
निगमायुक्त ने साफ कहा है कि नगर निगम की आय बढ़ाना और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। इसी सोच के तहत महिला शक्ति को आगे लाते हुए महिला ब्रिगेड दल का गठन किया गया है, जो शहरभर में बकायेदारों से संवाद कर कर वसूली का कार्य करेगी।
इस महिला ब्रिगेड की नोडल अधिकारी सहायक आयुक्त तबस्सुम खान को नियुक्त किया गया है। वहीं राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। यह दल नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन में कार्य करेगा और प्रतिदिन की प्रगति की जानकारी सीधे निगमायुक्त को दी जाएगी।
महिला ब्रिगेड दल में जायलक्ष्मी श्रीवास्तव, विजय लक्ष्मी श्रीवास्तव, पूजा श्रीवास्तव, नीरज जादौन, स्वदेश राजा बुंदेला, आभा सेन, कंचन राजपूत, आशी गौतम और रेणुका यादव को शामिल किया गया है। यह टीम घर-घर और प्रतिष्ठानों तक पहुंचकर बकाया करों की जानकारी देगी और नागरिकों को समय पर भुगतान के लिए प्रेरित करेगी।
नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि महिला ब्रिगेड के माध्यम से कर वसूली में पारदर्शिता आएगी और संवाद के जरिए सकारात्मक माहौल बनेगा। साथ ही बकाया रखने वालों पर नैतिक दबाव भी बढ़ेगा। नगर निगम में महिला ब्रिगेड का यह प्रयोग न सिर्फ सागर बल्कि प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों के लिए भी मॉडल साबित हो सकता है। अब देखना यह होगा कि यह महिला ब्रिगेड कितनी तेजी से बकाया करों की वसूली कर नगर निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करती है।