घने कोहरे की वजह से यात्री बस पेड़ से जा टकराई, दर्जन भर लोग पहुंचे अस्पताल
घने कोहरे की वजह से फिर एक घटना सामने आई है। जहां टक्कर के बाद एक यात्री बस खाई में गिरने से बच गयी। अगर पेड़ का सहारा न होता तो बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था। तस्वीरें छतरपुर जिले के बक्सवाहा थाना क्षेत्र की हैं। जहां सोमवार सुबह घने कोहरे के चलते एक यात्री बस सड़क हादसे का शिकार हो गई। जिसमें करीब एक दर्जन लोग घायल बताये जा रहे हैं। जिन्हें अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार सुनील केवट भी मौके पर पहुंचे।
घटना बक्सवाहा थाना अंतर्गत लालघाटी इलाके के पास से सामने आई, बताया जा रहा है की कोहरे के कारण विजिविलिटी बेहद कम थी। इसी दौरान टीकमगढ़ से जबलपुर जा रही ओरछा ट्रांसपोर्ट कंपनी की महाकाल बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी की ट्रक आगे की ओर खिसक गया। जिसके बाद बस सड़क किनारे एक पेड़ से जाकर टकरा गई। गनीमत यह रही कि बस पेड़ के सहारे रुक गई। नहीं बस सीधे खाई में भी गिर सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
इस हादसे में बस में सवार करीब 12 यात्री घायल हुए। सूचना मिलते ही बक्सवाहा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से बक्सवाहा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां घायलों का इलाज जारी है। इस दौरान गनीमत यह रही की कोई जनहानि नहीं हुई।
मौके पर नायब तहसीलदार सुनील केवट भी पहुंचे गए थे जिन्होंने स्थिति का जायजा लिया।