Sagar - अवैध शराब बनाने वालों के डेरों पर पुलिस का छापा, हजारों लीटर लहान किया नष्ट
घरों में लोग अवैध शराब बना रहे थे, सूचना मिलने के बाद जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी तो शराब बनाने वाले भाग खड़े हुए, जिसके बाद पुलिस ने जमीन में गढ़े हुए चार हजार लीटर से ज्यादा महुआ लहान को नष्ट कर दिया। कार्यवाई सागर जिले के शाहगढ़ थाना पुलिस ने की है। बताया जा रहा है की थाना क्षेत्र अंतर्गत अवैध शराब बनाने वालों के घरों में पुलिस ने दबिश दी। जानकारी के मुताबिक नगर परिषद इलाके के शिवाजी वार्ड नंबर 15 में कंजर जाति के लोग निवास करते हैं। जो लगातार अवैध शराब बनाने का काम कर रहे थे, इस बात की सूचना पुलिस को लगातार नगर और वार्डवासियों से मिल रही थी।
शिकायतों के आधार पर पुलिस ने टीम तैयार की, जहां अवैध शराब बनाने वालों के मकानों पर कार्यवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस को देखकर शराब बनाने वाले मौके से भाग गए लेकिन पुलिस ने जब उनके मकानों के आसपास तलाशी ली तो होश उड़ गए, सैकड़ों प्लास्टिक के कुप्पे जमीन में गड़े हुए थे। जिसमें शराब बनाने का लहान भरा था, सैकड़ों खाली कुप्पे घरों के आसपास पड़े थे, पुलिस ने नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की मदद से जमीन में गड़े कुप्पा बाहर निकलवाए और लहान को मौके पर ही नष्ट किया गया। वहीं तकरीबन 5 सौ प्लास्टिक के कुप्पे जलाए गए। पुलिस ने कार्यवाही कर अवैध शराब बनाने वालों को चिन्हित करते हुए मामले की जांच शुरू की है। मामले में शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे ने जानकारी दी।