सागर को छोड़कर एमपी के 18 जिलों में स्कूलों की छुट्टी, कड़ाके की ठंड 7.5°C सीजन सबसे घना कोहरा
इन दिनों पूरा मध्यप्रदेश कोहरे के आगोश में है। सोमवार को कई जिलों में इस सीजन का सबसे घना कोहरा है। विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम है। सोमवार को सागर में सुबह 7.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया जो इस सीजन का सबसे ठंडा दिन बन गया है रविवार को भी पूरे दिन घना कोहरा रहा।
तेज सर्दी, शीतलहर और कोहरे की वजह से प्रदेश के 18 जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है, जबकि सागर में बच्चों को ठंड से राहत देने के लिए स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 9:30 बजे से संचालित की जाएगी, सागर में रविवार को दिन भर कोहरा छाया रहा सोमवार को सुबह से बेहद घना कोहरा और शीत लहर का चल रही है
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पूरे संभाग के तापमान में भारी उथल -पुथल रही। नौगांव में जहां शनिवार तक रात का तापमान सामान्य के करीब था, वहीं रविवार सुबह होते-होते यह 2.5 डिग्री पर आ गया। खजुराहो भी अछूता नहीं रहा, यहां 5 डिग्री की गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों को पूरी तरह अपनी गिरफ्त ले लिया है।
सागर शहर में रविवार को धूप खिलने से अधिकतम तापमान में हल्की बढ़त देखी गई और यह 23.2 डिग्री दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट आई और यह 10 डिग्री पर टिक गया। हवा में नमी का स्तर सुबह 95% रहा, जबकि शाम को यह 79% रिकॉर्ड किया गया। रविवार को दिनभर तेज धूप होने के बाद भी सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। शाम होने के बाद तो सड़कों पर सन्नाटा सा छा गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवाओं का रुख उत्तरी रहने के कारण अगले दो-तीन दिनों तक ठंड के तेवर और कड़े हो सकते हैं। खजुराहो और नौगांव में शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं आने वाले दिनों में सागर व दमोह जिले में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया तो संभाग के बाकी जिलों छत्तरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, उमरिया, राजगढ़ समेत कई जिलों में कोल्ड वेव यानी, शीतलहर चली। अगले 2 दिन भी ऐसा ही मौसम रहेगा। सोमवार सुबह भोपाल समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है।