सरकारी दफ्तर में रिश्वत का खेल, रुपये लेते कैमरे में कैद हुआ तहसील का रीडर
सरकारी दफ्तर में रिश्वतकांड का एक वीडियो वायरल होने से सिस्टम पर कई सारे सवाल खड़े हो रहे हैं। भ्रष्टाचार की शर्मनाक तस्वीर रायसेन जिले के सांची तहसील से सामने आई। जानकारी के मुताबिक नायब तहसीलदार का रीडर राजेश गीते रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद हुआ है। इस वायरल वीडियो में नोटों की डील होते हुए साफ तौर पर देखी जा सकती है। ऐसी जानकारी निकलकर आ रही है कि ये जनाब जमानत कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे, तस्वीरों में देखा जा सकता है की रीडर राजेश गीते रुपयों का हिसाब कर रहे हैं। नोटों का लेन-देन होते हुए साफ-साफ देखा जा सकता है।
उन्हें बातचीत करते हुए भी देखा और सुना जा सकता है। नायब तहसीलदार के रीडर का यह वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। कलेक्टर अरूण विश्वकर्मा ने रीडर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। हालांकि सागर टीव्ही न्यूज़ पूर्ण रूप से वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।--------