Sagar -दूषित पानी से मौतों पर सागर में आक्रोश, शहर कांग्रेस का कैंडल मार्च, सरकार को चेतावनी
इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से हुई कई मौतों के विरोध में सागर में कांग्रेस का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने कांग्रेस कार्यालय से कटरा जामा मस्जिद होते हुए जय स्तंभ तक कैंडल मार्च निकालकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और सरकार की कथित लापरवाही के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। कैंडल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में जलते दीये थे और जुबां पर सरकार के खिलाफ सवाल।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि सरकार की नजर में जनता की कीमत अब जान नहीं, बल्कि नोट बनकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा देकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता ने चेक वापस कर यह साफ कर दिया कि वह स्वाभिमानी है और अपने लोगों की मौत को पैसों से तौलने नहीं देगी।
महेश जाटव ने कहा कि जो पानी घरेलू उपयोग के लायक भी नहीं था, वही लोगों को पीने के लिए दिया गया। उसमें मौजूद घातक बैक्टीरिया के कारण हैजा जैसी स्थिति बनी और मौतें होना लगभग तय था। उन्होंने इसे मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन बताते हुए कहा कि इंदौर जैसे स्वच्छता में अव्वल बताए जाने वाले शहर की असलियत अब सामने आ चुकी है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्वच्छता के तमगे प्रचार और पैसों के दम पर हासिल किए गए, जबकि हकीकत में जनता को पीने के लिए जहर बांटा गया।
कांग्रेस ने स्थानीय पार्षद, महापौर, विधायक, सांसद और उन सभी अधिकारियों व मंत्रियों को जिम्मेदार ठहराया, जिनकी लापरवाही से एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही करीब ढाई सौ से अधिक मरीज अब भी अस्पतालों में भर्ती हैं और 1500 से ज्यादा लोगों के बीमार होने की जानकारी सामने आई है। कांग्रेस ने इसे इंदौर के इतिहास पर ऐसा दाग बताया, जिसे शायद कभी मिटाया नहीं जा सकेगा। कैंडल मार्च में पूर्व सांसद युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। कैंडल मार्च की रोशनी के जरिए कांग्रेस ने सरकार को यह संदेश देने की कोशिश की कि **जनता की जान की कीमत किसी भी मुआवजे से नहीं चुकाई जा सकती।