सागर- दो अलग-अलग बाइकों पर सवार तीन लोग पहुंचे अस्पताल, हालत थी बेहद बुरी
सागर जिले के राहतगढ़ थाना इलाके में बीती रात अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल भेजा गया था जहां से उन्हें जिला अस्पताल रैफर करना पड़ा। आलम इतना भयंकर था कि घायल सड़क पर पड़े हुए चीख रहे थे, चिल्ला रहे थे, तस्वीरें इतनी विचलित कर देने वाली हैं कि जो साफ-साफ आपको दिखा भी नहीं सकते। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायलों की मदद करते हुए अस्पताल पहुंचाया साथ ही पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक दोनों घटनाएं राहतगढ़-सागर रोड स्थित चौकी गांव के पास की है। पहली घटना में दो बाइक सवार राहतगढ़ से ढकरई गांव जा रहे थे। तभी चौकी गांव के पास अज्ञात ट्रक ने दोनों बाइक सवारों को रौंद दिया। जिससे बाइक सवार गोविंद पटेल और राजेश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं दूसरी घटना भी चौकी गांव के पास की है जिसमें सेमरा झिला निवासी बाइक सवार कौशल राय गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर 112 की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। जहां से तीनों घायल बाइक सवारों को राहतगढ़ सिविल अस्पताल लाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को जिला अस्पताल सागर रैफर किया गया।