आखिरकार पकड़े ही गए गोलीकांड के 8 आरोपी, 2 आरोपियों की तलाश जारी
युवक पर तड़ातड़ गोलियां चलाकर सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले 8 आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। बाकी 2 आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
मामला छतरपुर जिले के राजनगर थाना इलाके का है। जहां कोटा गांव में संतोष पटेल की गोली मारकर जान ले ली गयी थी, मामले में 10 लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। पकड़े गए आरोपियों के पास से अवैध देशी बंदूक बरामद की गई है। खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल और पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
जानकारी के मुताबिक अभियुक्त सत्यम मर्डर का प्रयास, अवैध हथियार, मारपीट, गोल्डी और बहादुर मर्डर के प्रयास जैसे अपराध में पूर्व से ही लिप्त हैं।
गौरतलब है कि करीब पांच दिन पहले कोटा गांव में जमीनी विवाद को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया था। जहां संतोष पटेल की जान गई थी, इसके बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप भी लगाए थे, जिसमें कहा था कि उन्होंने पुलिस में शिकायत भी की थी, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की, बहरहाल पकड़े गए आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। मामले में एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल ने जानकारी दी।